मंजिलें और भी हैं !!!

                           ख्वाब नये हैं, ख्वाहिशें और भी हैं |
                          रास्ते और भी हैं, मंजिलें और भी हैं |
                          तुम हमें भूल जाओ हम तुम्हें भूल जायेंगे  
                          मेरे पास याद करने को बातें और भी हैं |
                          तेरे दर से गए, लौट कर ना आयेंगे हम
                          इस शहर में मेरे ठिकाने और भी हैं |
                          यूँ तो तुम थी एक खूबसूरत हसीना
                          इस जहाँ में मुझे चाहने वाले और भी हैं |
                         पलकें ना भीगेंगी तेरी याद में फिर कभी
                         मेरे पास आंसू बहाने के बहाने और भी है |
                         मत समझना कि तुम मेरी जिन्दगी थी
                         यहाँ रास्ते और भी हैं , मंजिलें और भी हैं |

यहाँ प्यासे है सभी |

                  कुछ रंग के , कुछ रूप के, मगर यहाँ दीवाने हैं सभी
                   कुछ जलते, कुछ बुझे हुए मगर, यहाँ परवाने है सभी |
                  ये इश्क भी कभी दरिया है तो कभी सागर है जिसे
                  कुछ डूबकर, कुछ तैर कर मगर, पार करते है सभी |
                  खामोशियाँ है कहीं कहीं , कहीं बेहिसाब सा शोर है
                  लब्ज निकले कभी ना निकले मगर, यहाँ कहते है सभी |
                   ये धूप, ये रास्ता कि छावं कहीं मयस्सर नही
                  कुछ ओंठ सूखे, कुछ गीले मगर, यहाँ प्यासे है सभी |

कभी चांदनी तो कभी अँधेरी ये रात !!!

कभी  चांदनी तो कभी अँधेरी ये रात । 
सूरज की आखिरी किरण
आसमाँ का कहीं  लाल ,कहीं  गुलाबी
कहीं नीले ,तो कहीं पीले रंग की चादर ओढ़ लेना
अन्दर तक ठण्ड का एहसास  जगाती
शीतल हवा का मस्ती में आवारा भटकना ।
बता रहे है इस जागते जहाँ को
कि  शाम बस चंद  पलों  की मेह्मान  है ।
इसी शाम की शीतल छांव  में
परिंदे ,इंसान ,जानवर सब थके हारे
लौट पड़े है घर की  तरफ ।
और देखते ही देखते कुछ ही पलों में
चाँद आसमां  को ही नदी बना
हौले -हौले तैरने लगता है ।
और छा  जाता है अँधेरा हर तरफ
घुल जाती है इन अंधेरों में खामोशियाँ
तो कभी खामोशियों में बाधा डालती
हवाओं की सरसराहट ।
ये चाँद, ये हवाये ,ये खामोशियाँ
बता रही हैं की रात आ गयी
और सुला गयी इस जागते जहाँ को
साथ में कितने सपने ,कितने बातें
कितने वादे , कितनी तकरारे
कितने दर्द ,कितनी पीड़ा
सब को सुला देती है ये रात 
आजाद कर देती है हमें
इनकी जकड़न से ।
और जगा  जाती  है
मन में कुछ मीठे - प्यारे सपने
अनमोल यादों के सुनहरे पल
कोई प्यारा देखा -अनदेखा  चेहरा 
और साथ में दे जाती है
एहसास एक ऐसी जिन्दगी  का
जो हम हमेशा से जीना चाहते हैं ।
कितनी प्यारी, कितनी सुन्दर 
कितनी अपनी होती है न, ये रात
कभी  चांदनी तो कभी अँधेरी ये रात ।